HomeTrendingगोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली को रेलमार्ग से जोड़ने के लिये व्यापारियों...

गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली को रेलमार्ग से जोड़ने के लिये व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

  • गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली को रेलमार्ग से जोड़ने के लिये व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

तेजस टूडे ब्यूरो
शिवमंगल गुप्ता
राजापुर, चित्रकूट। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर को चित्रकूट धाम से रेल मार्ग के जरिए जोड़ने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष शिवपूजन गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और भाजपा नेताओं ने केंद्रीय रेल मंत्री के नाम जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तावित रेल लाइन का विस्तार कर राजापुर को चित्रकूट धाम से जोड़ने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि यह रेल परियोजना धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर सहित आस—पास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र के व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रस्तावित रेल मार्ग के माध्यम से प्रतापगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्रयागराज के शृंगवेरपुर धाम, कौशांबी के कड़ा धाम और मंझनपुर सहित राजापुर को चित्रकूटधाम से जोड़ने की मांग की गई है। इससे विभिन्न धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो सकती है। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि राजापुर से चित्रकूट धाम की दूरी लगभग 35 किलोमीटर तथा राजापुर से भरवारी की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। दोनों क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगभग 75 किलोमीटर रेल लाइन का विस्तार उपयोगी साबित हो सकता है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन का भी विस्तार होगा। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से जनहित में प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग किया है।

 

 

 

 

Must Read