नन्हे सितारों ने मंच पर बिखेरी प्रतिभा की चमक, तालियों से गूंज उठा वार्षिकोत्सव
नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का दिया संदेश
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
फतेहगंज, बांदा। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे मंच और अवसर देने की। कुछ ऐसा ही नजारा नरैनी ब्लाक के संग्रामपुर छत्तूपुर खुर्द स्थित झल्लू राम पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में देखने को मिला। यहां नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, अभिनय और आत्मविश्वास से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह का शुभारंभ स्वागत गीत एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार पटेल का विद्यालय परिवार ने स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रमों की ऐसी श्रृंखला प्रस्तुत की जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। श्मैं गोरी, तू तो करो सांवरियाश् गीत पर आकर्षक प्रस्तुति ने जहां दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं धनुष यज्ञ और नाटक के मंचन ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, सभ्यता और संस्कारों की जीवंत झलक पेश की। छोटे-छोटे बच्चों ने मंच पर जिस आत्मविश्वास, सहजता और कलात्मक अंदाज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह समारोह का सबसे खास आकर्षण रहा। किसी ने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया तो किसी ने गीत-संगीत और नृत्य से खूब वाहवाही बटोरी। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों में भारतीय संस्कृति, भाषा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संस्कारों का विकास भी जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन अजय पटेल ने किया। देर रात 10 बजे तक चले समारोह के अंत में प्रधानाचार्य बलबीर सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह, शिक्षक राजेश कुमार, देशराज, शिक्षिका मनीषा पटेल, कमलेश पटेल, दिनेश पटेल, राम नारायण प्रजापति, पत्रकार चंद्र किशोर कुशवाहा, उमेश पटेल, शिव प्रसाद यादव सहित सैकड़ों अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











