बांदा में तहबाजारी के नाम पर खुला लूट का अड्डा!
नगर से लेकर मटौंध-गिरवां-मुड़वारा तक हर बैरियर पर मनमानी वसूली का आरोप
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। जनपद में तहबाजारी के नाम पर चल रहे बैरियरों का मामला अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। पहले यह खेल सिर्फ नगर क्षेत्र तक सीमित था लेकिन अब आरोप है कि मटौंध, गिरवां और मुड़वारा में भी सड़क किनारे बैरियर लगाकर कथित अवैध वसूली की जा रही है। रोज इसी रास्ते से गुजरने वाले व्यापारियों, ट्रक-ट्रैक्टर चालकों और आम राहगीरों में इसको लेकर भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि हर बैरियर पर रोका जाता है, पैसा मांगा जाता है और मना करने पर विवाद किया जाता है।
बैरियर पर न रेट लिस्ट, न रसीद का हिसाब
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैरियरों पर तहबाजारी का निर्धारित शुल्क कहीं भी बोर्ड पर नहीं लिखा है। वसूली करने वाले मनमानी रकम मांगते हैं। रसीद मांगने पर टाल दिया जाता है या बहस शुरू हो जाती है। मटौंध, गिरवां और मुड़वारा के लोगों के अनुसार यहां से गुजरने वाली हर छोटी-बड़ी गाड़ी को रोककर वसूली की जाती है। खाली गाड़ी हो या भरी हुई, लदी हुई हो या सब्जी-फल लेकर जा रही हो, किसी को भी नहीं छोड़ा जाता। एक चालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “रोज सुबह निकलते हैं, हर बैरियर पर पैसा देना पड़ता है। दिन भर की कमाई का बड़ा हिस्सा तो बैरियर पर ही निकल जाता है।” एक व्यापारी ने कहा, “सामान का दाम बढ़ गया है लेकिन बैरियर पर वसूली कम नहीं हो रही। व्यापार करना दिन पर दिन मुश्किल होता जा रहा है।”
शिकायतें हुईं, वीडियो वायरल हुये, फिर भी नहीं रुकी वसूली
सूत्रों के अनुसार तहबाजारी बैरियरों पर कथित अनियमितता को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों को शिकायतें दी गई हैं। सोशल मीडिया पर वसूली से जुड़े वीडियो वायरल होने की भी चर्चाएं हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं हुई जिससे व्यवस्था सुधर सके। मीडिया में खबर आने के बाद भी कथित वसूली का खेल जारी रहने की बात सामने आ रही है। इससे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। 3 प्रभावशाली चेहरों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्मस्थानीय चर्चाओं में इस पूरे मामले के पीछे शहर के तीन प्रभावशाली व्यक्तियों की कथित भूमिका और आपसी तालमेल की बातें भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि इन्हीं के कथित प्रबंधन के कारण शिकायतों के बाद भी व्यवस्था में बदलाव नहीं हो पा रहा है। हालांकि इन चर्चाओं और आरोपों की अभी तक कोई स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही लगाया जा सकता है। इन दावों की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच से ही हो सकेगी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, पूछताछ में सामने आया कथित नाम
यह पहली बार नहीं है जब तहबाजारी वसूली का मामला कार्रवाई तक पहुंचा हो। उपलब्ध जानकारी और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार पूर्व में तहबाजारी में कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि बाद में जुर्माना लगाए जाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इसी मामले में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों द्वारा कथित तौर पर लल्लन महाराज का नाम उजागर किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुलिस अभिलेख अथवा स्वतंत्र पुष्टि सामने आना अभी बाकी है। पूछताछ में किसी का नाम सामने आना ही अपराध में संलिप्तता का प्रमाण नहीं होता।
अब सबकी नजर पुलिस एवं प्रशासन पर
पूर्व कार्रवाई, वायरल वीडियो और अब मटौंध, गिरवां, मुड़वारा में नए बैरियरों की शिकायतों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस और संबंधित विभाग इस मामले की गहराई से जांच करेंगे? क्या कथित वसूली के पूरे नेटवर्क की पड़ताल होगी? क्या सभी बैरियरों की वसूली का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा? क्या मटौंध, गिरवां और मुड़वारा के बैरियरों की भी जांच होगी? लोगों की साफ मांगव्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की मांग है कि -तहबाजारी वसूली की पूरी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच हो। हर बैरियर पर निर्धारित शुल्क की दर सूची बड़े अक्षरों में लगाई जाय। हर वसूली की पक्की रसीद दी जाय। नियमित निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी तय किए जाएं। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो। फिलहाल तहबाजारी बैरियरों पर कथित वसूली का मामला शिकायतों, वायरल वीडियो और चर्चाओं में उलझा हुआ है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस बार क्या कदम उठाते हैं? सवाल बरकरार है। क्या इस बार तहबाजारी वसूली की पूरी सच्चाई सामने आएगी या फिर मामला पहले की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?











