18 नवम्बर को फतेहगंज में लगेगा विशाल नेत्र शिवि
गरीबों एवं बुजुर्गों को मिलेगी बड़ी राहत, समाजसेवी रामबाबू ने सम्भाली आयोजन की जिम्मेदारी
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
फतेहगंज, बांदा। किसी जरूरतमंद की आंखों में फिर से रोशनी लौटाना केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची मिसाल है। इसी उद्देश्य को लेकर फतेहगंज में 18 नवंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। समाजसेवी रामबाबू विश्वकर्मा की पहल पर श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट जानकीकुंड चित्रकूट के सहयोग से होने वाला यह शिविर क्षेत्र के गरीब, असहाय और बुजुर्ग मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
विकास खंड नरैनी के मिनी सचिवालय, बजरंगपुर (फतेहगंज) में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक चलने वाले शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की आंखों की जांच करेगी। जांच के बाद जरूरतमंदों को दवाएं और चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण नेत्र रोगों का उपचार नहीं करा पाने वाले लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से जानकीकुंड चित्रकूट स्थित नेत्र चिकित्सालय पहुंचाया जाएगा। वहां चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निःशुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। उपचार पूरा होने के बाद मरीजों को वापस शिविर स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी रहेगी। समाजसेवी रामबाबू विश्वकर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी अनेक लोग आर्थिक कठिनाइयों के चलते आंखों का इलाज नहीं करा पाते। ऐसे लोगों की मदद करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। शिविर में आने वाले मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति और मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य होगा। आयोजकों ने बुजुर्गों और आंखों की परेशानी से जूझ रहे लोगों से समय पर पहुंचकर इस जनसेवा अभियान का लाभ उठाने का आह्वान किया है।











