हैण्डपम्प से पानी के साथ निकल रहा तेल जैसा, पदार्थ जांच के बाद होगा खुलासा

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
सुमेरपुर, हमीरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरीकला गांव में हैंडपंप से पानी के साथ तेल जैसा पदार्थ निकलने का मामला सामने आया है। पानी में माचिस की तीली लगाने पर आग जलने का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि निकल रहे पदार्थ के पेट्रोल डीजल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी अनिल दुबे अपने जानवरों को नहला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हैंडपंप के पानी में चिकनाई जैसा पदार्थ महसूस किया। इसकी जानकारी आस—पास के लोगों को हुई तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों की ओर से बनाए गए वीडियो में हैंडपंप से निकले पानी में आग जलती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में कौतूहल बना हुआ है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार पदार्थ की प्रकृति का पता लगाने के लिए अधिकारियों की जांच की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि हैंडपंप से निकल रहे पानी में कौन सा पदार्थ मिला हुआ है। वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आयेगी।









