संचारी रोग नियंत्रण को लेकर गांव-गांव में चला जागरूकता अभियान
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। शासन के निर्देश पर जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दूसरे चरण के तहत चूहा और छछूंदर से फैलने वाले रोगों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कृषि रक्षा विभाग की ओर से गांवों और स्कूलों में गोष्ठियां कर किसानों और ग्रामीणों को बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि लेप्टोस्पायरोसिस रोग चूहों के मूत्र से दूषित पानी और मिट्टी के संपर्क में आने से होता है जबकि स्क्रब टाइफस संक्रमित माइट के काटने से फैलता है। इनके लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द और बदन दर्द शामिल हैं। लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। अभियान के तहत छह दिवसीय कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें साफ-सफाई, बिल निरीक्षण, रासायनिक नियंत्रण, दोबारा उपचार, बिल भराई और भूमि समतलीकरण तथा पुनः निरीक्षण जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। लोगों को घरों और खेतों के आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जागरूकता गोष्ठियों में हिस्सा लें और अपने घरों में सिट्रोनेला, लेमन ग्रास जैसे मच्छर रोधी पौधे लगाएं। साथ ही घर के आस—पास पानी न जमा होने दें।













