एडीएम ने धान क्रय केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने भानमऊ, हरख एवं जैदपुर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कुल 06 धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर रैंडम आधार पर स्वयं फोन कर धान खरीद की स्थिति एवं तैयारियों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने क्रय केंद्रों पर किसान पंजीकरण रजिस्टर एवं टोकन वितरण रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित केंद्र प्रभारियों को अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा धान खरीद की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार धान खरीद की जाए तथा क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा एवं हित सर्वोपरि हैं। धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।











