तीन दिन में कर्मचारी ड्यूटी के प्रति नहीं हुये सजग तो होगी कार्यवाही
चेयरमैन ने दी चेतावनी, समय पर कार्यालय पहुंचें कर्मचारी
अंकित सक्सेना
बदायूं। शहर नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने शहर के सफाई कर्मियों को 3 दिन का वक्त दिया है, इसमें पालिका के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। अगर इन तीन दिनों में कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति सजग नहीं हुये तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर दफ्तर आने और जाने का निर्देश दी।
पालिका चेयरमैन ने कहा कि कर्मचारी पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में लापरवाह हो गए हैं। उन्हें 30 मई को चेतावनी पत्र जारी करके कामकाज का रवैया सुधारने की चेतावनी दी गई थी लेकिन अभी भी तमाम शिकायतें ऐसी आ रही हैं जिनका निस्तारण कर्मचारी कर सकते हैं लेकिन सुस्त व लापरवाह रवैये के कारण ये शिकायतें दिनोंदिन बढ़ रही हैं। खासकर जलभराव और गंदगी की समस्या की शिकायतें हैं। ऐसे में सफाई कर्मी अगर अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाते तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इसलिए 3 दिन का आखिरी चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
नहीं छोड़ेगे मुख्यालय
चेयरमैन ने ऐसे कर्मचारियों को भी चिह्नित किया हैं जो दिन ढलते ही शहर छोड़कर दूसरे शहरों में अपने परिवार के पास चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को बिना अनुमति के ड्यूटी छोड़कर दूसरे शहर जाने का अधिकार नहीं है। समय-समय पर ऐसे कर्मचारियों को पालिका बुलाया जाएगा। लापरवाही मिली तो कार्रवाई तय है।
शहर में बनेंगे पार्क, इंजन से खत्म होगा जलभराव
चेयरमैन ने कहा कि शहर में नये पार्क विकसित किए जाएंगे। साथ ही जलभराव की समस्या होने पर उसे डीजल इंजन से निकाला जाएगा। यह वैकल्पिक व्यवस्था फिलहाल कर दी गई है। बाकी आने वाले दिनों में शहर में सीवरेज सिस्टम भी शुरू कराया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












