आनलाइन लूडो गेम में जीते रूपये न मिलने पर युवक ने दोस्त की कर दी हत्या
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन ने किया खुलासा
टीम को 25000 नकद पुरस्कार देने की हुई घोषणा
तेजस टूडे ब्यूरो
ममता शर्मा
अलीगढ़। वादी द्वारा अपने भाई दिनेश कुमार उर्फ अबनू पुत्र वीरेन्द्र पाल सिंह निवासी नगरिया भूड थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़ के घर से चले जाने के सम्बन्ध में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उक्त पर कार्यवाही करते हुए थाना पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज व काल डिटेल के आधार पर गुमशुदा दिनेश उर्फ अबनू को खोजने का प्रयास किया जा रहा था। 14 नवम्बर 2025 को ग्राम चंगेरी नहर पटरी के पास एक व्यक्ति का नर कंकाल, कपडे, चप्पल आदि मिले थे जिसकी शिनाख्त दिनेश कुमार उर्फ अबनू के परिवारीजनों ने दिनेश उर्फ अबनू के रूप में की गई थी। प्रकरण में गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर धारा 103(1)/238 बीएनएस पंजीकृत किया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन व फील्ड यूनिट द्वारा किया गया था। उक्त घटना के खुलासे हेतु एसएसपी महोदय द्वारा थाना हरदुआगंज व स्वॉट/सर्विलांस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था। टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए 22 दिसम्बर 2025 को मृतक की मोटरसाइकिल गांव मई के जगंल में बनी अस्थाई नहर के पास से प्राप्त हुई थी। गठित टीमों द्वारा घटनाक्रम की गंभीरता से जाँच, इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार कई संदिग्धों से पूछताछ की गई थी। प्रकरण में टीमों द्वारा सीडीआर, टॉवर डम्प, सीसीटीवी फुटेज व डीएनए प्रोफाइलिंग के माध्यम से घटना का सफल अनावरण किया गया। अभियुक्त विष्णु को मृतक की बाइक व आलाकत्ल बसौली के साथ थाना क्षेत्र हरदुआगंज से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पूछताछ में अभियुक्त विष्णु ने बताया कि मृतक दिनेश कुमार उर्फ अबनू मेरे साथ पैसे लगाकर लूडो खेलता था, लूडो के खेल में मेरे द्वारा 7,000 रूपये दिनेश से जीत लिये गये थे, मेरे द्वारा पैसे मांगने पर मृतक मेरे जीते हुए पैसे नहीं दे रहा था और गाली गलौच कर धमकी देता था। 3 नवम्बर 2025 को दिनेश की काल मेरे पास पुनः लूडो पर जुआ खेलने के लिए आयी थी जिसमें मेरे और मृतक दिनेश उर्फ अबनू द्वारा लूडो पर जुआ खेला गया। इसमें मृतक दिनेश उर्फ अबनू 10,000 रूपये और हार गया। मेरे द्वारा पैसे मांगने पर मृतक द्वारा पैसे न देने, गाली गलौच करने व धमकी देने पर आक्रोशित होकर मैंने दिनेश के सिर पर बसौली से वार कर उसकी हत्या कर दी और मोटरसाइकिल को गांव मई के जगंल में बनी अस्थाई नहर के पास छिपा दिया था। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना का सफल अनावरण करने वाली समस्त टीम को 25,000 रुपये नकद पुरुस्कार देने की घोषणा किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











