लाइफ लाइन हॉस्पिटल की अनूठी पहल
कैण्टीन में ‘अन्नपूर्णा रसोई’ शुरू होने से दूर-दराज से आने वालों को भटकने से मिली मुक्ति
तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। स्थानीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए हरिद्वार रोड स्थित लाइफ़ लाइन हॉस्पिटल की कैंटीन में ‘अन्नपूर्णा रसोई भोजनालय’ का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहनपुर नगर पंचायत के चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी एवं डॉ. अशोक चहल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस भोजनालय का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी और डॉ. अशोक चहल ने अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना किया। वक्ताओं ने कहा कि अक्सर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज के लिए अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके साथ आए परिजनों (तीमारदारों) को शुद्ध और ताजे भोजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था। अस्पताल परिसर में ही ‘अन्नपूर्णा रसोई’ की शुरुआत होने से अब उन्हें परिसर के अंदर ही किफायती दरों पर स्वच्छ, सुपाच्य और घर जैसा पौष्टिक भोजन आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर अशोक कुमार (आसपा विधानसभा अध्यक्ष), विष्णु गौतम, कौशल कुमार, आशीष, एहसान, परवेज़ साईंम सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने भोजनालय संचालकों को इस नेक और जनहितैषी पहल के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए शुभकामना दिया।











