नदियों एवं झीलों का कुशल शिकारी, तराई की जैव विविधता का अहम हिस्सा
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। प्रकृति की दुनिया में ग्रे-हेडेड फिश ईगल एक शानदार शिकारी पक्षी है जो मुख्य रूप से नदियों, झीलों, तालाबों और दलदली क्षेत्रों के आसपास पाया जाता है। इसे मत्स्य गरुड़ भी कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Icthyophaga ichthyaetus है। इसके सिर का धूसर रंग, मजबूत चोंच और शक्तिशाली पंजे इसकी प्रमुख पहचान हैं। इसके पंखों का फैलाव लगभग 1.5 से 1.8 मीटर तक होता है। यह पक्षी भारत, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका सहित दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में पाया जाता है। इसका मुख्य भोजन मछलियां हैं, हालांकि यह सांप, छोटे पक्षी सहित अन्य जलीय जीवों का भी शिकार करता है। यह ऊंचे पेड़ों पर बैठकर पानी की सतह पर नजर रखता है और मौका मिलते ही मछली पर झपट्टा मारता है। ग्रे-हेडेड फिश ईगल सामान्यतः स्थानीय निवासी पक्षी है। यह पानी के नजदीक ऊंचे पेड़ों पर टहनियों से बड़ा घोंसला बनाता है। इसके प्रजनन और बच्चों के पालन-पोषण में नर और मादा दोनों की भूमिका होती है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व सहित आस—पास का तराई क्षेत्र नदियों, जलाशयों और घने जंगलों के कारण ऐसे पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास है। वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर बिलाल खान पिछले 16 वर्षों से पीलीभीत में वन्यजीवन का अध्ययन कर रहे हैं।आईयूसीएन की संरक्षण श्रेणी में यह पक्षी निकट संकटग्रस्त (Near Threatened) माना गया है। जल प्रदूषण, आर्द्रभूमियों का सिकुड़ना, मछलियों की घटती संख्या और पुराने पेड़ों की कटाई इसके लिए प्रमुख खतरे हैं। वन्य जीवन पर आधारित हिंदी पुस्तक ‘सफ़रनामा’ के माध्यम से बिलाल खान बताते हैं कि जंगल की समृद्धि केवल बाघ और हाथियों से नहीं, बल्कि वहां मौजूद पक्षियों और जलीय जीवों से भी पहचानी जाती है। ग्रे-हेडेड फिश ईगल का संरक्षण करना है तो नदियों, झीलों, जंगलों और उनके प्राकृतिक आवासों को बचाना जरूरी है।











