वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में मिली सरकारी अनुदान
जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों के लाभार्थी को किया वितरित

तेजस टूडे ब्यूरो
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशन में एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम कुमार ने बी०एच०यू० साउथ कैम्पस बरकच्छा मीरजापुर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर माँ विंध्यवासिनी के तस्वीर एवं बीएचयू के संस्थापक महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके किया। उक्त अवसर जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ सुलभ कराना तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय एवं सरकारी सेवाओं की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिलाधिकारी पवन गंगावार ने कहा कि शिविर के माध्यम से उत्तर प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना हैं जिनका उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन एवं असहाय व्यक्ति, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान करना है। मुख्य विकास अधिकारी विजय सिंह ने जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैम्प स्टालो का जनपद न्यायाधीश एवं अन्य संबंधित न्यायिक अधिकरिओ को सभी विभागों के स्टालो का अवलोकन किया जिसमें सभी विभागों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दिया तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने आवेदन प्राप्त करने तथा योजनाओं से संबंधित लाभ एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दिया।
शिविर में विशेष रूप से पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रमिक कल्याण योजनाओं, बाल संरक्षण एवं महिला कल्याण योजनाओं सहित अन्य विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की कैम्प लगाए गए थे जिनके लाभार्थी को जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार एवं जिलाधिकारी पवन गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विजय सिंह ने प्रदान किया। इसी क्रम में एक जिला एक उत्पाद जिला कारागार में निर्मित वस्तुओं का स्टाल लगाया गया। उक्त अवसर पर विधिक सेवा सचिव आनंद कुमार ने निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के विधिक अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण तथा विभिन्न विधिक प्रावधानों के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया।
जिला प्राधिकरण द्वारा आयोजित वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में नोडल अधिकारी एडीजे आशिफ़ इक़बाल रिज़वी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन सीजीएम प्रथम पलवी सिंह ने किया। उक्त अवसर पर फैमिली कोर्ट जज संजय शुक्ला, एडीजे संतोष गौतम, एडीजे जीतेन्द्र यादव, सिविल जज, सीजीएम राहुल सिंह अन्य न्यायिक अधिकारीगण, सहयोगी अधिवक्तागण में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन से अध्यक्ष अभयराज सिंह एडवोकेट, सचिव जंग बहादुर सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश त्रिपाठी एडवोकेट, वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल वर्मा एडवोकेट, अन्य सहयोगी अधिवक्ता, बीएचयू से प्रो डॉ आलोक कुमार एग्रो फ़ूड विभाग, वेटनरी विभाग से डाक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







