कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक, सेवाभाव से कार्य करने के निर्देश जारी
तेजस टूडे ब्यूरो
अंकित सक्सेना
बदायूं। जनपद में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में बैठक हुई जहां कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंध, यातायात सुगमता एवं प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि 11 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है जिसे 6 जोन एवं 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
इसके लिए सम्बन्धित सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सेवाभाव से कार्य करते हुए आपसी समन्वय बनाकर यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराएं। यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए और जहां कहीं व्यवस्थाएं अधूरी हैं, उन्हें समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। बिजली के खम्भों पर प्लास्टिक शीटिंग का कार्य यदि शेष हो तो तत्काल पूरा कराया जाय, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे।
डीएम ने यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात कहीं अवरुद्ध न हो, मार्गों पर पुलिस जवान तैनात रहकर यात्रियों को उचित दिशा-निर्देश दें। ढाबों व खानपान की दुकानों पर शुद्ध एवं उचित दाम पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकीय सहायता हेतु आवश्यक एम्बुलेंस व मेडिकल टीम तैनात रहे।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान डीजे साउंड सिस्टम का साइज मानक अनुसार ही रहे। ओवरसाइज डीजे व आपत्तिजनक कंटेंट का प्रयोग न हो। इस पर संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी कड़ी निगरानी रखें व डीजे ऑपरेटर्स को पहले से निर्देशित कर दें। नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
इस अवसर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














