विशाल कन्या भोज व जवाबी कीर्तन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

तेजस टूडे सं.
संतोष सिंह
महराजगंज, रायबरेली। विजयदशमी के दिन जसवंतरी देवी मंदिर प्रांगण पर जवाबी कीर्तन का आयोजन हुआ जिसे सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुये। अध्यक्ष प्रतिनिधि महराजगंज प्रभात साहू द्वारा आए हुए अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत व सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि जसवंतरी देवी मंदिर पर हर वर्ष नवरात्रि पर तमाम तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है तथा नगर व मुझ पर मां का आशीर्वाद हमेशा बरसता रहता है। यहां पर जो भी आता है वह खाली हाथ नहीं जाता। चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने पूर्व विधान परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। जवाबी कीर्तन कमलेश्वरी चंचल मध्य प्रदेश ग्वालियर व राजू मस्ताना मथुरा हाथरस के बीच हुआ। माता रानी के सुंदर-सुंदर भजन सुनकर भक्तो को झूमने पर मजबूर कर दिया। जवाबी कीर्तन में निष्कर्ष नहीं निकल पाया और दोनों लोग बराबरी पर रहे। विजयदशमी के दिन जसवंतरी देवी मंदिर प्रांगण पर विशाल कन्या भोज का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में कन्याओं ने तो हजारों की संख्या में नगर वासियों ने मां का प्रसाद ग्रहण कर सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह, निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, पुन्नी महाराज, त्रिवेणी लाल गुप्ता, रामकुमार यादव, धर्मेंद्र वर्मा, विनीत वैश्य सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।









