चौरा देवी प्रांगण में सजा जनसेवा एवं न्याय का महाकुम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चौरा देवी प्रांगण में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर लगा। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राम प्यारे ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। एक बच्ची द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया गया।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राम प्यारे ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं उनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त किया। शिविर में पुलिस विभाग, कारागार विभाग, सूचना विभाग, पशुपालन विभाग, खेल विभाग, कृषि विभाग, नेडा, डूडा, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। इन स्टालों के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके। वहीं दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां प्रदान की गईं। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की वितरित की गईं। चिकित्सा विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा पेंशन, आर्थिक सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं दूर—दराज क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
सर्वप्रथम सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला प्राधिकरण वंदना अग्रवाल ने जिला प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया। इसके उपरांत जनपद न्यायाधीश ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। जिला प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्याय एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
प्रशासनिक न्यायमूर्ति इलाहाबाद उच्च न्यायालय प्रयागराज प्रमोद श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े जिन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन द्वारा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन हेतु किये गये। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश राम प्यारे, जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अरुण सिंह, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।











