श्रमिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर लगा शिविर
स्वास्थ्य परीक्षण के लिये लगाया गया स्वास्थ्य शिविर
117 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों और कामगार वर्ग का नाम मतदाता सूची में जोड़ने एवं इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के संचालन, उत्तर प्रदेश भवन सहित अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, श्रमिकों के पंजीकरण, स्वास्थ परीक्षण, पंजीकृत श्रमिकों की फैमली आईडी, जीरो पावर्टी, श्रम योगी मानधन इत्यादि योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं पंजीयन कराये जाने तथा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के संचालन हेतु जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा लेबर अड्डा घंटाघर तथा चांदपुरा चौराहा पर वृहद जागरूकता शिविर लगा। श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर का आयोजन प्रातः 6 बजे से किया गया, ताकि वे काम पर जाने से पूर्व ही शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सुविधाओं का आधिकाधिक लाभ प्राप्त कर सके।
जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय ने नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद व उपजिलाधिकारी सदर मोनालिसा जौहरी के साथ लेबर अड्डा घण्टाघर व चांदपुरा चौराहा का निरीक्षण करके शिविर में संचालित गतिविधियों का जायज़ा लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिकाधिक पात्र श्रमिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराये जाने हेतु प्रपत्र 6 भरवाये जाये तथा ही श्रमिकों की पात्रता के अनुसार उन्हें श्रम विभाग व अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनके पंजीकरण की कार्यवाही भी की जाय। सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव ने बताया कि शिविर में उपस्थित श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के साथ अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है। श्री यादव ने बताया कि शिविर के माध्यम से 181 श्रमिकों का पंजीकरण/नवीनीकरण एवं 79 डिजिट लेबर चेक ऐप श्रमिक के मोबाइल में डाउनलोड कराये गये। उन्होंने बताया कि 117 श्रमिकों का स्वास्थ परीक्षण कर निःशुल्क औषधि एवं परामर्श प्रदान किया गया।
एसडीएम सदर ने बताया कि शिविर के माध्यम से 22 कामगारों के प्रपत्र 06 भरवाये गये हैं। राजस्व और निर्वाचन विभाग की टीम मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर नए वोटर आईडी बनाने की कार्रवाई कर रही है। जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज होना आवश्यक है, इसलिए सभी नागरिक 28 व 29 नवम्बर 2026 विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं, अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।











