70 वर्षीय वृद्धा ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
पुलिस ने दर्ज किया मारपीट का मुकदमा, वृद्धा ने लगाई न्याय की गुहार
प्रदीप कुमार
हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दूर के रिश्ते के पाेते ने दुष्कर्म किया। महिला न्याय की आस में अफसरों के चक्कर काट रही है। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि दूर के रिश्ते के पोते ने गांव के बाहर बाग में उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद महिला ने पूरे मामले की पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने इस मामले में मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस बात को लेकर पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र दिया है और न्याय की गुहार लगाई है।
बुजुर्ग महिला का कहना है कि वह एक बाग में लकड़ी बीन रही थी। इसी बीच रिश्ते में लगने वाला पोता मौके पर पहुंच गया। अचानक उसने धक्का देकर उसे गिरा दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि गिरने में उसको चोटें भी आईं हैं। किसी तरह से जब उसने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया। दूसरे दिन थाने पहुंचकर बुजुर्ग महिला ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। महिला का आरोप है कि युवक को बचाने के चक्कर में पुलिस ने दुष्कर्म का आरोप हटा दिया है।
कोतवाल ओपी सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। दुष्कर्म का आरोप गलत है। फिर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीओ विनोद ने बताया कि बुजुर्ग महिला के आरोप की जांच की जाएगी। पुलिस ने अगर लापरवाही बरती है तो उस पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











