दक्षिण कोरिया से अयोध्या पहुंची 7 सदस्यीय टीम ने शुरू की वीडियोग्राफी
दक्षिण कोरिया से अयोध्या पहुंची 7 सदस्यीय टीम ने शुरू की वीडियोग्राफी
तेजस टूडे ब्यूरो
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। अयोध्या और दक्षिण कोरिया के बीच संबंधों पर केंद्रित वृत्तचित्र निर्मित किया जा रहा है। कोरियन कल्चरल सेंटर के निर्देश पर दक्षिण कोरिया से सात सदस्यीय एक टीम सोमवार की दोपहर अयोध्या पहुंची। दक्षिण कोरिया के पीआर एंड मीडिया हेड किम कांग-हू के नेतृत्व में पहुंची टीम में कोरिया की प्रसिद्ध यू-ट्यूूबर सीही पार्क भी शामिल हैं जो यहां वीडियोग्राफी करेंगी।
इस टीम ने सोमवार को कोरिया की रानी हो की स्मृति में सरयू तट पर बने पार्क की वीडियोग्राफी की। इसके बाद इस टीम ने सरयू तट की भी वीडियोग्राफी की। अयोध्या की राजकुमारी सूरी रत्ना कोरिया की महारानी बनीं थी। उनकी स्मृति में ही वर्ष 2001 में कोरियन सरकार द्वारा सरयू तट पर क्वीन हो मेमोरियल पार्क की स्थापना की गई थी। हर वर्ष कोरियाई टीम अयोध्या आकर महारानी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करती है। क्षेत्रीय पयर्टन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि कोरिया से आई टीम जो वृत्तचित्र तैयार कर रही है, उसमें भारत-कोरिया के मधुर संबधों के साथ रानी हो की गाथा दर्शाई जाएगी। इसके पीछे अयोध्या-कोरिया के संबंधों की कहानी को विश्वव्यापी बनाने की योजना है। इससे अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कोरियाई इतिहास के अनुसार रानी सूरी रत्ना अथवा हो अयोध्या की राजकुमारी थीं। उनका समय प्रथम शताब्दी ई.पू. का माना जाता है।
वह दैवी प्रेरणा से वह सुदीर्घ जल मार्ग से दक्षिण कोरिया पहुंचीं और वहां उनका विवाह जिन राजा सूरो से हुआ, वह दक्षिण कोरियाई इतिहास के महान विजेता और शासक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। राजा सूरो और रानी हो के वंशज आज कोरिया में सर्वाधिक प्रभावी और बहुसंख्यक हैं। दक्षिण कोरियाई रानी हो पितामही के रूप में अति आदर देते हैं और अयोध्या के प्रति पितामही के मायके का भाव रखते हैैं। अयोध्या में दो दशक पूर्व से ही स्मारक के रूप में इस प्राचीन रिश्ते पर शान चढ़ रही है। एक अन्य निर्माणाधीन स्मारक वैश्विक वास्तु के रूप में इस रिश्ते को गौरव प्रदान करने के लिए तैयार हो रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।