कुदरत के कहर से 6 लोगों की हुई मौत
बुझा घर का इकलौता चिराग
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जनपद में कुदरत के कहर ने जहां 6 लोगों की जान ले ली वहीं गंभीर रूप से झुलसे एक युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाम को हुई हृदय विदारक घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया। इस घटना में एक परिवार का इकलौता चिराग भी बुझ गया। एक गांव में एक साथ चार मौत हो जाने से पूरा गांव गहरे शोक में डूब गया। जबकि रौनापार में एक वृद्ध और देवगांव में एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद तहसील स्तरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनाक्रम के बाबत ग्रामीणों से जानकारी ली।
बताते हैं कि मेंहनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरवां सागर में शामिल ग्राम मुहम्मदपुर नियामतपुर गांव के लोग शाम नगर सीवान में पशु चरा रहे थे। उसी दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाने से पांच लोग निर्जीव हालत में पहुंच गए। इसकी जानकारी होते ही गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान पुत्र की मदद से सभी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक युवक को नीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 47 वर्षीय शशिकला पत्नी झगड़ू यादव, 16 वर्षीय शैलेश यादव उर्फ बब्बी पुत्र शिवबचन यादव, 15 वर्षीय अमन यादव पुत्र राजमन तथा 15 वर्षीय अनुराग पुत्र पप्पू यादव बताए गए हैं।
अनुराग यादव अपनी मां-बाप का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया। वहीं गंभीर रूप झुलसे 16 वर्षीय अमित पुत्र राजू यादव उपचाराधीन है। हादसे की सूचना पाकर मेंहनगर तहसीलदार राजू कुमार, सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी, एसओ विनय कुमार सिंह समेत अन्य राजस्वकर्मी मौके पर पहुंच गए। घटना के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही है। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार की शाम करीब पांच बजे रौनापार क्षेत्र के हैदराबाद गांव के सीवान में बारिश के दौरान पशु चरा रहे 59 वर्षीय सूर्यनाथ यादव पुत्र सतनू एवं उनकी एक भैंस आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।
वहीं जनपद के देवगांव कोतवाली अंतर्गत कोटा खुर्द गाँव मे मंगलवार की शाम को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 50 वर्षीय सुनील कुमार की मौत हो गयी। मंगलवार की शाम को लगभग चार बजे के करीब सुनील कुमार पुत्र निर्मल अपने खेत मे काम कर रहे थे कि बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। सुनील कुमार कुछ समझते कि गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी जिसकी चपेट में सुनील कुमार आकर झुलस गए। सुनील कुमार मजदूरी करके परिवार का जीविकोपार्जन करता था। सुनील कुमार के परिवार में पत्नी, चार पुत्रियां व दो पुत्र हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













