किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
9.34 करोड़ किसान परिवारों के खातों में पहुंचे 18,680 करोड़
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
सन्त कबीर नगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। गुजरात के बनासकांठा से प्रातः 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि 24वीं किस्त के रूप में हस्तांतरित की गई। साथ ही कृषि अवसंरचना कोष के तहत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टरों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अनिल जायसवाल मुख्य अतिथि तथा दुर्गेश जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सीपीएन गौतम ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए संचालित सरकारी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. गौतम ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्य, पात्रता और लाभों की जानकारी देते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार ने आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों, फसल अवशेष प्रबंधन और नवीन तकनीकों के उपयोग के बारे में बताया।
वहीं डॉ. तरुण कुमार ने उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और पोषण वाटिका के महत्व पर प्रकाश डाला। वैज्ञानिक डॉ. अभिनव सिंह ने फसलों की उत्पादकता एवं गुणवत्ता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने और कृषि संसाधनों का समुचित उपयोग करने की सलाह दी। डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने किसानों को बीज उत्पादन, बीज प्रसंस्करण एवं सुरक्षित भंडारण की तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान समूह सखी सुनीता देवी ने गीत के माध्यम से किसानों को कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न गांवों से पहुंचे पुरुष एवं महिला किसानों ने प्रतिभाग किया। किसानों ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आधुनिक खेती की तकनीकों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।











