10 दिन बाकी, वसूली में सुस्ती पर डीएम सख्त
‘हर हाल में पूरा करो लक्ष्य, वरना कार्यवाही तय’
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। वित्तीय वर्ष समाप्ति में महज 10 दिन शेष रहते ही राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी का सख्त रुख सामने आया है। कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने साफ कहा कि सभी विभाग ठोस प्लानिंग बनाकर अभियान मोड में काम करें और हर हाल में वार्षिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में सामने आया कि 3533.86 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2257.43 करोड़ की ही वसूली हो सकी है। इस पर डीएम ने वाणिज्य कर, परिवहन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। वाणिज्य कर विभाग द्वारा लक्ष्य के मुकाबले कम वसूली और कॉर्पोरेट सेक्टर में ढिलाई पर विशेष असंतोष जताया गया। खनन विभाग को बिना माइन-टेक चल रहे वाहनों और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि अब तक 1060 वाहनों को पकड़कर 15.13 करोड़ रुपये वसूले गए हैं। वहीं आबकारी विभाग को अवैध बिक्री, गंदगी और स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की रोकथाम पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश मिले। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण गौड़, अपर नगर मजिस्ट्रेट अजय यादव, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण सुभाष चंद्र सहित व्यापार कर, परिवहन, सिंचाई सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

















