प्रेमी से पति बने युवक ने महिला की फोटो किया वायरल
मुकेश तिवारी
झांसी। प्यार में धोखेबाजी का एक मामला सामने आया है। युवती ने जिस प्रेमी के लिए शादी के महज 4 दिन बाद अपने पति को छोड़ दिया था, अब वही धोखेबाज निकल गया। सपना था कि वह प्रेमी के साथ ही पूरी जिंदगी बिताएगी। थाना प्रेमनगर के अंतर्गत युवती का प्रेमी से झगड़ना महंगा पड़ गया।
विवाद के चलते बदनाम कर सबक सिखाने के लिए प्रेमी ने उसकी अश्लील तस्वीरें फेसबुक पर वायरल कर दीं। इतना ही नहीं, प्रेमिका की सहेलियों और रिश्तेदारों को भी तस्वीरें भेज दीं। प्रेमी की इस हरकत के बाद युवती ने आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मालूम हो कि प्रेमनगर के खेरा क्षेत्र निवासी युवती का विवाह 30 दिसंबर 2021 को समथर निवासी एक युवक से हुआ था। विवाह के कुछ ही दिन बाद ही वह अपने चिरगांव निवासी प्रेमी के साथ भाग गई। इतना ही नहीं दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और प्रेमनगर क्षेत्र में खेरा में किराये का मकान लेकर रहने लगे। पीड़िता के मुताबिक कुछ दिनों तक सब सही चलता रहा लेकिन कुछ दिनों बाद युवती का प्रेमी से पति बने युवक से विवाद शुरू हो गया। प्रेमी उसे बात-बात पर ताना देने लगा।
विवाद के चलते उसने फेक फेसबुक आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल कर दीं। यह तस्वीरें उसने उसकी सहेलियों समेत परिजनों को भी भेज दीं। इससे अपमानित युवती ने थाना प्रेमनगर में प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 506, 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











