रोडवेज बस में महिलाओं संग छेड़खानी, विरोध पर बस को किया क्षतिग्रस्त
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। अतरौलिया मनबढ़ किस्म के व्यक्तियों ने रोडवेज बस चालक—परिचालक को मारपीट कर किया घायल। बस को किया क्षतिग्रस्त। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा। बता दें कि बीती शाम गाजीपुर डिपो की बस यूपी 78 HT 3898 लखनऊ से गाजीपुर के लिए रवाना हुई। आलमबाग लखनऊ से बुढ़नपुर के लिए एक व्यक्ति बस में सवार हुआ जो नशे में धुत था और बस में सवार महिलाओं से छेड़खानी कर रहा था जिसे लेकर चालक और परिचालक में झड़प भी होती रही।
जैसे ही बस रात्रि में बुढ़नपुर चौराहे पर पहुंची, उक्त व्यक्ति द्वारा फोन कर अन्य 8-9 लोगों को वहां पर बुला लिया गया जो बस रुकते ही बस के शीशे पर प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिए और चालक—परिचालक के साथ मारपीट किये।
इसी हाथापाई में परिचालक का 48000 रुपये भी गायब हो गया। घटना के बाद बस चालक कप्तानगंज की तरफ तेजी से बस लेकर भागा और कुछ दूर पहुंचकर डायल 112 को फोन लगाया तो फोन नहीं लगा। कप्तानगंज थाने के सीयूजी नंबर पर फोन किया तो कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस द्वारा बताया गया कि घटना का सीमा क्षेत्र अतरौलिया थाने के अंतर्गत आता है।
तत्पश्चात परिचालक द्वारा अतरौलिया थाने के सीयूजी नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंचकर बस में सवार यात्रियों को एक अन्य बस में शिप्ट कर क्षतिग्रस्त बस को अतरौलिया रोडवेज पर ले आई। बस परिचालक चंदन तिवारी ने अज्ञात के खिलाफ अतरौलिया थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि परिचालक के तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जांच की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













