उ.प्र. क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति ने मनायी महाराज अग्रसेन की जयन्ती समारोह
लोकतंत्र और समाजवाद की स्थापना का श्रेय महाराज अग्रसेन को: बाबा हरदेव सिंह
महाराज अग्रसेन ने राजकोष को बैंक बनाया और बिना ब्याज के ऋण दिया: आर. विक्रम
शुभम जायसवाल
लखनऊ। उ.प्र. क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति ने आज अर्थ–साम्राज्य–युग के प्रणेता इक्ष्वाकुवंशीय क्षत्रिय सम्राट महाराज अग्रसेन की जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का आरंभ बाबा हरदेव सिंह के नेतृत्व में मुख्य अतिथि प्रो. बलराज चौहान व अन्य विशिष्ट अतिथियों राघवेन्द्र विक्रम सिंह, विनोद सिंह सोलंकी, हर्षवर्धन शाही, श्री प्रकाश सिंह आदि द्वारा दीप प्रज्जवलन और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के अलावा महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद लाडली सिंह भारद्वाज ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया। एसकेडी एकेडमी, विक्रांत खंड, गोमती नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. बलराज चौहान ने शिक्षा पद्धति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होने मार्क्स से लेकर डा. लोहिया तक को पढ़ा लेकिन महाराजा अग्रसेन के बारे में जानकारी इस तरह के कार्यक्रमों में आने के बाद मिलती है। प्रो. चौहान ने क्षत्रिय समाज की शिक्षा में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उ.प्र. क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति के अध्यक्ष बाबा हरदेव सिंह ने कहा कि लोकतंत्र और शासन में समाजवाद को सर्वप्रथम व्यवहार के रूप में लाने का श्रेय महाराजा अग्रसेन को जाता है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए आर. विक्रम सिंह ने क्षत्रियों के दायित्व से लेकर महाराज अग्रसेन के भारत के इतिहास में योगदान पर विस्तृत चर्चा किया कि कैसे उन्होंने राज्य में हिंसा पर रोक लगाया। राजकोष को बैंक के रूप में उपयोग किया और अपने राज्य में बाहर से आकर बसने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समाज से एक रुपया और एक ईट दिलाने की व्यवस्था की। इस अवसर पर पूर्व आईएएस श्री प्रकाश सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज ही एक ऐसा समाज है कि जिसमें वर्गीय भेदभाव है। क्षत्रियों को अब व्यापार–वाणिज्य में हिस्सेदारी बढ़ानी चाहिए। इसके अलावा शिवमंगल सिंह, डा. बीएन सिंह, प्रो. विनोद सोलंकी आदि ने अपना वक्तव्य दिया। इस अवसर पर समाज में विशिष्ट योगदान के लिए पूर्व आईपीएस भानु प्रताप सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षक आरवी सोमवंशी नामक बच्ची रही जिन्होंने महाराज अग्रसेन पर स्वलिखित कविता सुनाकर उपस्थित जनसमूह में अपनी पहचान बना लिया।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















