ट्रंप की सनक एवं बारूद की राजनीति
क्या दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की तरफ बढ़ रही है?
आज दुनिया एक बार फिर इतिहास के सबसे खतरनाक मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है। बीती रात से मध्य-पूर्व में भड़की आग केवल बमों और मिसाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता, शांति और भविष्य पर सीधा हमला है। सत्ता की भूख, अहंकार और वर्चस्व की लड़ाई ने पूरी दुनिया को भय और अनिश्चितता के अंधकार में धकेल दिया है। इस संघर्ष के केंद्र में अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर फैली खबरों ने हालात को और विस्फोटक बना दिया है। उनकी मृत्यु की चर्चाओं ने ईरान की राजनीति और समाज में भूचाल ला दिया है। नेतृत्व संकट, भावनात्मक उबाल और बदले की भावना ने पूरे देश को उग्र बना दिया है। दूसरी ओर संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी सैन्य शक्ति और रणनीतिक दबदबे के सहारे इस संघर्ष में निर्णायक भूमिका निभा रहा है। अमेरिका के कदम केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं दिखते, बल्कि उनमें शक्ति-प्रदर्शन और प्रभुत्व की राजनीति भी साफ नजर आती है। इसके जवाब में ईरान अपने आत्म सम्मान और संप्रभुता की रक्षा के नाम पर आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इस टकराव में इज़राइल की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील बनी हुई है। क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने पूरे मध्य-पूर्व को युद्धभूमि में बदलने का खतरा पैदा कर दिया है।
आज का युद्ध केवल सीमाओं पर नहीं लड़ा जा रहा। यह मीडिया, इंटरनेट, अर्थव्यवस्था और मनोविज्ञान के स्तर पर भी चल रहा है। झूठी खबरें, आधी सच्चाइयाँ और भ्रामक प्रचार लोगों के मन में नफरत और डर भर रहे हैं। जनता को धीरे-धीरे युद्ध के लिए मानसिक रूप से तैयार किया जा रहा है। सबसे दुखद सत्य यह है कि सत्ता की इस लड़ाई में सबसे ज्यादा पीड़ित आम नागरिक होते हैं। बमों के नीचे दबते घर, उजड़ते परिवार, अनाथ होते बच्चे और रोती हुईं माँ किसी भी युद्ध की असली तस्वीर हैं। नेता सुरक्षित बंकरों में बैठकर फैसले लेते हैं जबकि आम इंसान सड़कों और खंडहरों में अपनी जान बचाने के लिए भटकता है। युद्ध का सीधा असर शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास पर पड़ता है। स्कूल बंद हो जाते हैं, अस्पताल घायल सैनिकों और नागरिकों से भर जाते हैं, रोजगार खत्म हो जाते हैं और गरीबी बढ़ जाती है। जिस धन से समाज को मजबूत किया जा सकता था, वही धन हथियारों की भेंट चढ़ जाता है।
इतिहास गवाह है कि कोई भी युद्ध कभी स्थायी समाधान नहीं दे सका। हर युद्ध ने केवल नई समस्याएँ पैदा की हैं। टूटे हुए देश, बिखरी हुई पीढ़ियाँ और स्थायी घाव—यही युद्ध की विरासत रही है, फिर भी शासक वर्ग इतिहास से सीखने को तैयार नहीं है। धर्म, राष्ट्रवाद और पहचान की राजनीति को भी इस संघर्ष में हथियार बनाया जा रहा है। लोगों को बताया जाता है कि यह युद्ध सम्मान और सुरक्षा के लिए जरूरी है। भावनाओं को भड़काकर विवेक को कुचल दिया जाता है। इंसान इंसान को मारने के लिए तैयार हो जाता है, बिना यह सोचे कि सामने वाला भी किसी का बेटा, पिता या भाई है। मीडिया की भूमिका भी इस समय बेहद अहम है। दुर्भाग्य से कई बार मीडिया सच दिखाने के बजाय सनसनी फैलाने में जुट जाता है। युद्ध को रोमांच की तरह पेश किया जाता है जबकि उसकी भयावहता को छिपा दिया जाता है। इससे समाज धीरे-धीरे संवेदनहीन होता चला जाता है। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ भी अपनी सीमाओं में बंधी नजर आती हैं। संयुक्त राष्ट्र में बैठकों और प्रस्तावों के बावजूद जमीनी हालात नहीं बदल पा रहे हैं। शक्तिशाली देश अपने हितों के आगे वैश्विक नियमों को भी नजरअंदाज कर देते हैं।
आज सबसे अधिक जरूरत ऐसे नेतृत्व की है जो हथियारों की नहीं, संवाद की ताकत को समझे। ऐसे नेता जो युद्ध को जीत नहीं, विफलता मानें। जो सत्ता को सेवा समझें, व्यापार नहीं। जनता की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब तक जनता सवाल नहीं करेगी, सत्ता मनमानी करती रहेगी। लोगों को पूछना होगा— यह युद्ध क्यों? किसके लिए? और किस कीमत पर? हमें तय करना होगा कि हम अपने बच्चों को कैसा भविष्य देना चाहते हैं। बारूद से भरा हुआ? या शांति से सजा हुआ? आज अगर मानवता नहीं जागी तो कल बहुत देर हो जाएगी। युद्ध की आग जब फैलती है तो वह किसी एक देश तक सीमित नहीं रहती। वह पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लेती है। अब भी समय है। संवाद शुरू हो सकता है। हथियार शांत हो सकते हैं। नफरत खत्म हो सकती है। इंसानियत बच सकती है, क्योंकि अंत में जीत युद्ध की नहीं होनी चाहिए। जीत सत्ता की नहीं होनी चाहिए। जीत केवल और केवल मानवता की होनी चाहिए।
यहाँ समझने वाली बात यह है कि ईरान केवल सीमाओं से घिरा हुआ एक देश नहीं है, बल्कि वह पश्चिमी वर्चस्व के विरुद्ध खड़े होनेवाली एक वैचारिक शक्ति है जिसने दशकों से अमेरिका और उसके सहयोगियों की नीतियों को खुली चुनौती दी है। 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से ईरान ने स्वयं को एक स्वतंत्र राजनीतिक और धार्मिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जिसने बार-बार यह संदेश दिया कि वह दबाव, धमकी और प्रतिबंधों के आगे झुकने वाला नहीं है। ईरान की सत्ता संरचना ऐसी है जिसमें सुप्रीम लीडर सर्वोच्च होता है और वही सेना, न्यायपालिका, मीडिया, विदेश नीति और परमाणु कार्यक्रम तक का मार्गदर्शन करता है। खामेनेई के नेतृत्व में ईरान ने मध्य-पूर्व में अपना प्रभाव बढ़ाया, इजरायल को खुली चुनौती दी और अमेरिका की नीतियों को लगातार नकारा। इसी कारण ईरान धीरे-धीरे अमेरिका के लिए सबसे बड़ा रणनीतिक शत्रु बन गया। डोनाल्ड ट्रंप की राजनीति पारंपरिक कूटनीति से अलग रही है। वे समस्या को बातचीत से नहीं, बल्कि धमकी, दबाव और शक्ति-प्रदर्शन से हल करने में विश्वास रखते हैं। उनकी नजर में कमजोर को कुचलना और विरोधी को झुकाना ही नेतृत्व की पहचान है। उनकी ईरान नीति तीन आधारों पर टिकी रही—ईरान की अर्थव्यवस्था को घुटनों पर लाना, ईरानी जनता में असंतोष पैदा करना और सरकार को अंदर से कमजोर करना। इसी रणनीति के तहत उन्होंने कठोर प्रतिबंध लगाए, तेल व्यापार रोका, बैंकिंग व्यवस्था पर प्रहार किया और अंतरराष्ट्रीय समझौतों को तोड़ दिया। उनका उद्देश्य साफ था—ईरान को आर्थिक रूप से अपंग बनाकर आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करना। ट्रंप के लिए ईरान केवल विदेश नीति का विषय नहीं था, बल्कि घरेलू राजनीति का हथियार भी था। ईरान को दुश्मन दिखाकर वे अमेरिका में राष्ट्रवादी भावनाएँ भड़काते रहे और खुद को “मजबूत राष्ट्रपति” के रूप में पेश करते रहे।
गौरतलब है कि ट्रंप जैसे नेताओं को हमेशा एक दुश्मन चाहिए होता है जिससे वे जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाकर राष्ट्रवाद की आग में झोंक सकें। ईरान उनके लिए वही स्थायी दुश्मन बन गया। ईरान को कमजोर करना उनके लिए—राजनीतिक लाभ का साधन है, सैन्य उद्योग को बढ़ावा देने का माध्यम है और सत्ता बनाए रखने का हथियार है। वे सीधे युद्ध से अधिक “धीमी तबाही” की नीति अपनाते हैं जिसमें प्रतिबंध, साइबर हमले, गुप्त ऑपरेशन और कूटनीतिक अलगाव शामिल हैं। लक्ष्य यह होता है कि देश अंदर से टूट जाए और बिना युद्ध के ही हार मान ले। खामेनेई के बाद ईरान किस दिशा में जाएगा, यह आज का सबसे बड़ा अनुत्तरित प्रश्न है। उनकी अनुपस्थिति में सत्ता संतुलन टूट सकता है और देश 3 संभावित रास्तों पर जा सकता है। पहला रास्ता—आंतरिक संघर्ष और अराजकता, जहाँ अलग-अलग गुट सत्ता के लिए लड़ेंगे और देश गृह अस्थिरता में फँस जाएगा। दूसरा रास्ता—और कठोर शासन, जहाँ कोई कट्टर नेता सत्ता संभालेगा और अमेरिका से सीधी टक्कर लेगा। तीसरा रास्ता—सुधार और संवाद जो सबसे सकारात्मक है लेकिन वर्तमान व्यवस्था में सबसे कठिन भी। यदि पहला या दूसरा रास्ता चुना गया तो युद्ध की आशंका कई गुना बढ़ जाएगी। मध्य-पूर्व: विस्फोट के कगार पर खड़ा क्षेत्र मध्य-पूर्व पहले से ही युद्ध, आतंकवाद और संघर्षों से जूझ रहा है। ईरान का प्रभाव लेबनान, सीरिया, यमन और इराक तक फैला है। यदि अमेरिका और ईरान के बीच सीधा संघर्ष हुआ तो इसमें रूस -चीन व अन्य देश भी अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हो सकते हैं। यह युद्ध केवल दो देशों का नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक शक्ति संघर्ष का मैदान बन जाएगा।
तेल की कीमतें आसमान छू जाएँगी, वैश्विक अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी, लाखों लोग शरणार्थी बनेंगे। शांति का प्रतीक माने जाने वाला संयुक्तराष्ट्र संघ आज अक्सर असहाय नजर आता है। वीटो की राजनीति और महाशक्तियों के दबाव के कारण वह निर्णायक भूमिका नहीं निभा पाता लेकिन आज की वैश्विक राजनीति ऐसे खतरनाक मोड़ पर पहुँच चुकी है, जहाँ संवाद, समझदारी और मानवता की जगह घमंड, शक्ति-प्रदर्शन और हथियारों ने ले ली है। दुनिया के शक्तिशाली राष्ट्र अपने स्वार्थों के लिए छोटे देशों को मोहरा बना रहे हैं। सत्ता की सनक और बारूद की राजनीति ने मानव सभ्यता को फिर उसी अंधे रास्ते पर धकेल दिया है जहाँ विनाश के सिवा कुछ नहीं मिलता। आज जब हम अंतरराष्ट्रीय हालातों पर नज़र डालते हैं तो साफ दिखाई देता है कि शांति अब प्राथमिकता नहीं रही। युद्ध अब केवल मजबूरी नहीं, बल्कि राजनीति का एक हथियार बन चुका है। सत्ता में बैठे लोग अपने अहंकार और कुर्सी की रक्षा के लिए लाखों निर्दोष लोगों की ज़िंदगी को दाँव पर लगाने से भी नहीं हिचकते।
यहाँ समझने वाली बात यह है कि मध्य-पूर्व दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति का केंद्र है। होरमुज़ जलडमरू मध्य से होकर जाने वाला तेल अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए जीवनरेखा जैसा है। यदि यह मार्ग बाधित होता है तो पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था हिल जाती है, इसलिए अमेरिका चाहता है कि इस क्षेत्र पर उसका प्रभाव बना रहे लेकिन असली लड़ाई केवल तेल की नहीं,बल्कि सत्ता और वर्चस्व की है। अमेरिका मध्य-पूर्व में अपना राजनीतिक और सैन्य दबदबा बनाए रखना चाहता है। वह नहीं चाहता कि ईरान एक शक्तिशाली क्षेत्रीय ताकत बनकर उभरे। दूसरा बड़ा कारण ईरान का परमाणु कार्यक्रम है। अमेरिका को डर है कि अगर ईरान परमाणु शक्ति बन गया तो शक्ति संतुलन बिगड़ जाएगा। इससे उसके सहयोगी देश, विशेषकर इजराइल व अन्य असुरक्षित महसूस करेंगे। तीसरा कारण वैश्विक राजनीति है।
आज दुनिया में चाइना और रसिया का प्रभाव बढ़ रहा है। ईरान इन देशों के करीब है जो अमेरिका को असहज करता है, इसलिए अमेरिका ईरान को कमजोर करके अपने विरोधियों को भी संतुलित करना चाहता है। चौथा कारण आंतरिक राजनीति है। कई बार अमेरिकी नेता घरेलू समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए विदेशी संकट को हवा देते हैं। युद्ध का माहौल बनाकर वे जनता का समर्थन जुटाने की कोशिश करते हैं। पाँचवाँ कारण हथियार उद्योग है। युद्ध और तनाव से हथियार कंपनियों को भारी मुनाफा होता है। इससे कुछ शक्तिशाली समूह संघर्ष को बढ़ावा देते हैं। इस तरह यह शक्ति, सुरक्षा, राजनीति, प्रभुत्व और वैश्विक नियंत्रण की लड़ाई है। तेल इसमें ईंधन का काम करता है लेकिन आग कई और कारणों से जलती है। सबसे दुखद बात यह है कि इन सबके बीच आम जनता पिसती है।
रामकेश एम. यादव ‘सरस’
(कवि व साहित्यकार) मुम्बई
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











