हाईवे पर गढ़ा जंगल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। गढ़ा जंगल अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर मुकेश पुत्र पोथीराम निवासी पट्टा मोहल्ला नवाबगंज और दीपक निवासी नवाबगंज बरेली, पूरनपुर से पीलीभीत की ओर आ रहे थे। गढ़ा जंगल के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और 102 एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। घायल मुकेश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













