भिवंडी रेलवे स्टेशन पर हुआ दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन से 19 वर्षीय छात्रा की हुई मौत
पुणे से लौटते समय संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। मृतका की पहचान जिनेशा तेजपाल खंडेलवाल के रूप में हुई है जो सूरत की रहने वाली थी। इस घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार जिनेशा हाल ही में पुणे में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थी। वह दादर एक्सप्रेस से पुणे से भिवंडी लौट रही थी और आगे सूरत जाने वाली थी। रविवार रात करीब 7:25 बजे जब ट्रेन भिवंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची और रुकने ही वाली थी उसी दौरान जिनेशा ने ट्रेन से उतरने की कोशिश की। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी हादसे के समय जिनेशा के साथ उसकी बुआ के पति और उनका बेटा भी ट्रेन में मौजूद थे।
परिजनों ने उसे उठाकर पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पंचनामा के लिए भिवंडी के इंदिरा गांधी उप जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की खबर मिलते ही खंडेलवाल समाज के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। रेलवे पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात पोस्ट मार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिनेशा का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन एंबुलेंस के जरिए शव को सूरत ले गये जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह हादसा एक बार फिर चलती या रुकती ट्रेन से उतरने की जल्दबाजी के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



