सदर विधायक ने नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय अमावां का किया लोकार्पण
21 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया नियुक्ति पत्र
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। विकास खण्ड अमावां में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सदर अदिति सिंह द्वारा 24 लाख 16 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय अमावां का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर अमावां, राही एवं नगर क्षेत्र की नवचयनित 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। इस दौरान विधायक ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने 11 कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास तथा पोषण संबंधी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सुरेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, खण्ड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अमावां अल्का सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी छतोह शिव शरण, मुख्य सेविका संध्या सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











