पुरानी बाजार में डांडिया महोत्सव का हुआ भव्य आयोजन
पारम्परिक परिधानों में थिरके कदम, बिखरी लोक संस्कृति की छटा
तेजस टूडे सं.
डा. संजय यादव
बदलापुर, जौनपुर। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को समेटे स्थानीय क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित एक मैरिज लॉन में भव्य और ऐतिहासिक ‘डांडिया महोत्सव 2026’ का आयोजन हुआ। क्षेत्र में पहली बार आयोजित हुए रंगारंग उत्सव में लोक संस्कृति, मर्यादा और आधुनिक संगीत का एक अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना का यह महापर्व हमारे भीतर की नकारात्मकता को समाप्त कर सकारात्मक ऊर्जा के संचार का उत्सव है। आज पुरानी बाजार की इस पावन धरा पर आयोजित डांडिया नृत्य केवल एक कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि हमारी समृद्धि सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। जब हमारे युवा पीढ़ी लोक धो पर अच्छी लगती है, यह अपनी जड़ों से और मजबूती से जुड़ती है। कला और संस्कृति समाज को एक सूत्र में पिरोने का सबसे सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के आयोजन आपसी सौहार्द, उमंग और समभाव को बढ़ावा देते हैं। मेरा निरंतर यह प्रयास है कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होने के साथ यहां की सांस्कृतिक पहचान भी अक्षुण्ण रहे और हमारी परंपराएं नित नए सोपान तय करें।
कार्यक्रम में पुरानी बाजार सहित आस-पास के क्षेत्रों से आए कलाप्रेमी, महिलाएं और युवा पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों (घाघरा-चोली व पारंपरिक कुर्तों) में सजे-धजे नजर आये। जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, वैसे ही डांडिया की छड़ियों की खनक ने समूचे वातावरण को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। साहित्यिक और सांस्कृतिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस महोत्सव में कलाकारों ने वृत्ताकार घेरा बनाकर ‘बेसनी’ और ‘चक्कर’ जैसी द्रुत गतियों के साथ डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मां दुर्गा की आराधना और महिषासुर पर उनकी विजय के प्रतीक रूप में किए जाने वाले इस पारंपरिक लोक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। मान्य सिंह ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी।
इस दौरान पीहू सिंह, दीपिका सिंह, एंजेल त्रिपाठी सहित प्रतिभागियों में आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मनोरंजन किया। पारंपरिक परिधानों, डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। आयोजक अन्तरिक्ष पाण्डेय के अनुसार इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और समाज में आपसी भाईचारे एवं समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है। समागम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। आयोजन की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने इसे बदलापुर के सांस्कृतिक इतिहास में एक मील का पत्थर बताया है।
आयोजक अंतरिक्ष पांडेय ने विधायक रमेश चंद्र मिश्र सहित सभी प्रायोजकों को मीडिया पार्टनर, कंटेंट क्रिएटर, कलाकारों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि सभी के सहयोग व विश्वास से बदलापुर में इस तरह की सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने का अवसर मिला।













