जौनपुर में ऐतिहासिक नाटक ‘क्रान्ति का बिगुल’ का भव्य मंचन
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथाओं एवं अमर शहीदों के बलिदान पर आधारित नाटक ने दर्शकों में देशभक्ति का भाव किया जागृत
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, भारतेन्दु नाट्य अकादमी एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में ऐतिहासिक नाटक ‘क्रांति का बिगुल’ का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन विमला सिंह को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ऐतिहासिक नाटक ‘क्रांति का बिगुल’ वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथाओं एवं अमर शहीदों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान पर आधारित है। नाटक के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, देशभक्ति, साहस, राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता के मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक घटनाक्रमों से परिचित कराया। नाटक का निर्देशन प्रसिद्ध रंगकर्मी श्री गुंजन शुक्ला द्वारा किया गया। उनकी निर्देशन क्षमता एवं कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं भावपूर्ण बनाया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला पंचायत राज अधिकारी, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, सह विद्यालय निरीक्षक विवेक सिंह, सहायक निदेशक (रंगमंडल) प्रिवेंद्र सिंह, प्रभारी सहायक निदेशक (अकादमी) डॉ सुमित श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं नेहरू बालोद्यान इंटर कॉलेज, टीडी कालेज, जनक कुमारी इंटर कालेज, राज कॉलेज, एनसीसी कैडेट के छात्र आदि उपस्थित रहे।













