निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया और मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वार्ड नंबर 1 और 2, स्टोर रूम, लैब, औषधि वितरण कक्ष, फार्मासिस्ट कक्ष तथा इंजेक्शनल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने मरीजों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और अस्पताल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। मंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव को स्वास्थ्य केंद्र महादेवा को विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव धाम होने के कारण इस क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके लिए चिन्हित भूमि पर आधुनिक भवन निर्माण की योजना बनाने पर चर्चा की गई। निरीक्षण के पश्चात अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल, सीओ गरिमा पंत और अस्पताल अधीक्षक समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









