डीह के ऐतिहासिक 5 दिवसीय मेले का हुआ हुआ शुभारम्भ
तेजस टूडे सं.
शरद अवस्थी
डीह, रायबरेली। स्थानीय कस्बा प्रांगण रामलीला मैदान में लगने वाले ऐतिहासिक पांच दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है। मेले को लेकर क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है। मेले में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें क्षेत्र के लोगों को मनोरंजन के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मेला कमेटी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 5 दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन शाम को नौटंकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रामलीला का मंचन किया जाएगा। रामलीला में बाल कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन कर दर्शकों को आकर्षित करेंगे। आयोजकों के मुताबिक मेले में प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की गई हैं। नौटंकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले में आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रामलीला के माध्यम से लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश भी दिया जाएगा।
मेला कमेटी ने बताया कि 23 अक्टूबर को भव्य रोशनी का विशेष आयोजन किया जाएगा। डीह का यह ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आपसी मेल-मिलाप का प्रतीक माना जाता है। 5 दिनों तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।













