रगौली में मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बबेरू, बांदा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रगौली गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
बता दें कि रगौली गांव निवासी रामनरेश वर्मा पुत्र बाबूलाल 40 वर्ष बाहर रहकर मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि देवी दर्शन के बाद वह रात में घर पहुंचा था। इसी दौरान उसने घर के अंदर लकड़ी की धन्नी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी, दो पुत्र प्रचंड उर्फ मोहित और रोहित तथा दो पुत्रियां लक्ष्मी और रोशनी को छोड़ गया है। इसके अलावा उसकी मां बिजरनिया देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि शौक को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।













