दवा व परिवार नियोजन साधनों की आपूर्ति में फार्मासिस्ट निभायें सक्रिय भूमिका: सीएमओ
एफपीएलएमआईएस व डीवीडीएमएस पोर्टल पर फार्मासिस्टों को मिला प्रशिक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और गर्भनिरोधक साधनों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए फार्मासिस्टों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से परिवार नियोजन लॉजिस्टिक्स प्रबंधन सूचना प्रणाली और दवा व वैक्सीन वितरण प्रबंधन प्रणाली पर एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न सीएचसी व पीएचसी से आए 51 फार्मासिस्टों ने भाग लिया।
सीएमओ के मार्गदर्शन तथा मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर दवाओं और परिवार नियोजन सामग्री की कमी न हो, इसके लिए पोर्टल पर नियमित डेटा फीडिंग और स्टॉक की निगरानी जरूरी है। उन्होंने सीएचसी व पीएचसी स्तर पर नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को एफपीएलएमआईएस और डीवीडीएमएस पोर्टल के जरिए मांग दर्ज करने, वितरण प्रबंधित करने और बफर स्टॉक बनाए रखने की तकनीकी जानकारी दी गई। डीपीएम मोहम्मद राशिद ने फार्मासिस्टों से अपील की कि वे सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से तालमेल बनाकर अंतरा इंजेक्शन, कॉपर-टी और कंडोम जैसे साधनों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर यूपीटीएसयू से बृजभान यादव, पॉपुलेशन फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।













