तेज रफ्तार का कहर: खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, एक मृत व 15 घायल
तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद में भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। थाना क्षेत्र मितौली की चौकी भीखमपुर क्षेत्र के ओदरहा बरौला फार्म के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गयी है।
जानकारी के अनुसार जान मोहम्मद पुत्र शकील मोहम्मद अपने साथी राशिद पुत्र अफसरुद्दीन निवासी ग्राम रसूलपुर मजरा मुजफ्फरनगर, थाना मोहम्मदी अपनी बाइक से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लखीमपुर गया था। वापस आते समय मोहम्मदी-भीखमपुर मार्ग पर मितौली थाना क्षेत्र के भीखमपुर चौकी अंतर्गत ओदरहा बरौला फार्म के पास जैसे ही पहुंचा, उधर से मोहम्मदी से लखीमपुर जा रही प्राइवेट बस, जिसमें लगभग 25 सवारियां थीं, आ रही थी। बाइक और बस की स्पीड ज्यादा होने के कारण दोनों अनियंत्रित हो गए। बस ड्राइवर गाड़ी को संभाल नहीं सका और बस खाई में जा गिरी। वहीं बाइक सवार उछलकर पास की एक पानी भरी नाली में जा गिरा और डूब गया।
मौके पर पहुंची पीआरवी 7926 थाना मितौली ने जान मोहम्मद को सीएचसी मितौली पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मितौली पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चलेगा कि पानी में डूबने से मौत हुई है या चोट लगने से।
उसके साथी को दूसरी एंबुलेंस द्वारा सीएचसी पहुंचाया गया जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं अधीक्षक गोला से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं दो लोगों की हालत ठीक होने पर उन्हें घर वापस भेज दिया गया है। हादसे को देखते हुए क्षेत्रीय लोगों ने कई एंबुलेंस मौके पर मंगवाकर घायलों को बेहजम, मितौली व गोला सीएचसी पहुंचाया गया। बताया जाता है कि मृतक जान मोहम्मद अपने सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मृतक के पांच बच्चे हैं जिनमें 3 बेटे और दो बेटियां बताई जा रही हैं। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













