नेशनल एथलेटिक्स मीट में जैपुरिया पड़ाव की दमदार दस्तक
शॉट पुट में रजत सहित रिले रेस में कांस्य पदक मिले
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चंदौली। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित CBSE नेशनल एथलेटिक्स मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला के स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र विष्णु दयाल ने अंडर-14 आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले रेस में विद्यालय की टीम ने भी कांस्य पदक हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा। रिले रेस में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में देवांश प्रताप सिंह (कक्षा 11), आदित्य सिंह (कक्षा 12), तनिष्क सिंह (कक्षा 10), अंश (कक्षा 8F) और आनंदपाल (कक्षा 8) शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने सामूहिक तालमेल, गति और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। टीम के सभी सदस्यों के प्रयासों ने विद्यालय की खेल उपलब्धियों को नई ऊँचाई प्रदान किया।
पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला के स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से आए लगभग 4,500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। साथ ही विभिन्न खाड़ी देशों यथा बहरीन, दोहा (कतर), दुबई, सऊदी अरब, कुवैत और ओमान सहित विभिन्न देशों के CBSE से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों के लगभग 850 खिलाड़ियों ने भी इसमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 74 स्पर्धाएँ आयोजित की गईं जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हमारे विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन हैं। हमारे विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, निरंतर अभ्यास और समर्पण से यह सिद्ध किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। मैं सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग को हार्दिक बधाई देता हूँ। हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ विद्यालय तथा देश का नाम रोशन करेंगे।”
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही खेल प्रशिक्षकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग की सराहना की जिनके संयुक्त प्रयास विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता विद्यालय की खेल संस्कृति, विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। जयपुरिया परिवार के लिए यह उपलब्धि गौरव का क्षण है तो अन्य विद्यार्थियों के लिए खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा भी है।













