HomeTrendingउगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन, घाटों पर...

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

  • उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

  • पलिया चीनी मिल परिसर सहित विभिन्न घाटों का माहौल भक्तिमय, छठी मैया के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। पलिया कलां में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सोमवार की सुबह छठ महापर्व के समापन अवसर पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने और छठी मैया की आराधना करने के लिए व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। पलिया स्थित बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल परिसर सहित विभिन्न स्थानीय घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के हाथों में सजे पूजा के सूप, फल और प्रसाद से भरी थालियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की गईं। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया।

 

 

 

 

Must Read