शूरवीरों के बलिदान को भूला देश…
शहीद स्थल पर साल में दो बार किया जाता है ध्वजारोहण
जिम्मेदार अधिकारी शहीद स्तम्भ के जीर्ण-शीर्ण अवस्था को करते हैं
नजरअंदाज
चन्दवक, जौनपुर। शिराजे-हिंद जौनपुर की धरती का ऐतिहासिक इतिहास समृद्धशाली और गौरवपूर्ण रहा है। यहां की मिट्टी में ऐसे अनगिनत कर्मयोगियों और शूरमाओं ने जन्म लिया जिन्होंने शिक्षा का दीप प्रज्ज्वलित कर उत्तम शिक्षा के नए आयाम स्थापित किए और स्वाधीनता आंदोलन में क्रांति की मशाल जलाकर देश को गौरवान्वित किया। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अंकित 8 अगस्त 1942 यानी 79 साल पहले जब दुनिया जबरदस्त बदलाव के दौर से गुजर रही थी। पश्चिम में द्वितीय विश्व युद्ध लगातार जारी था और पूर्व में साम्राज्य के खिलाफ आंदोलन तेज हो रहा था, उस समय भारत महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आजादी के सपनों का ताना-बाना बुना जा रहा था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन का बिगुल बजते ही देश की जनता नई क्रांति की इबादत लिखने को बेताब हो उठी। क्रांति की इस लड़ाई में जौनपुर जिले के तहसील केराकत के शूरवीरों ने भी भारत माँ को आजाद कराने के लिए भारत छोड़ो आंदोलन में कूद पड़े। अपनी क्रांतिकारी गतिविधियों और संघर्ष से केराकत के शूरवीरों ने अंग्रेजो के खिलाफ जबरदस्त हमला किया और अंग्रेजी हुकूमत को नाको चने चबाने को मजबूर कर दिए।



