भिटारा के पास प्रशासन ने की संयुक्त छापेमारी, बिना वैध प्रपत्रों के छह ट्रक-डम्फर पकड़े
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, जालौन। जनपद में खनिज परिवहन एवं वाहनों के दस्तावेजों की जांच को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को तहसील जालौन क्षेत्र के ग्राम भिटारा के पास उप जिलाधिकारी राकेश सोनी के नेतृत्व में प्रशासन, खनिज विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध प्रपत्रों के पाए गए छह वाहनों को पकड़कर पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली जालौन में सुपुर्द किया गया। संयुक्त चेकिंग अभियान में नायब तहसीलदार तहसील जालौन, खनिज विभाग, सहायक क्षेत्रीय परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच किया। जांच के दौरान छह वाहन वैध प्रपत्रों के अभाव में पकड़े गए। सभी वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली जालौन में सुपुर्द किया गया है। उपजिलाधिकारी राकेश सोनी ने खनिज अधिकारी, संभागीय परिवहन अधिकारी और वाणिज्य कर अधिकारी को पत्र भेजकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने के लिए कहा है। साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जालौन को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से संबंधित वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अब संबंधित विभागों की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











