मझरा पूरब में किशोरी की हत्या, शव नदी में फेंका

संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुई थी किशोरी
अवनीश तिवारी
लखीमपुर खीरी। पढुआ थाना क्षेत्र के गांव मंझरा पूरब में दो दिन से लापता 13 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव को नदी में फेंक देने का बड़ा मामला सामने आया है। परिजनों ने नदी से किशोरी का शव बरामद कर गांव के ही 3 लोगों पर हत्या कर शव को नदी में फेकने का आरोप लगाया है। घटना का खुलासा होने के बाद परिवार में जहां कोहराम मच गया तो वहीं इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंझरा पूरब गांव निवासी रामरूप लोधी ने बताया कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री गुरुवार रात अचानक घर से गायब हो गई थी। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तलाश के दौरान शनिवार दोपहर पास के ही जौहरा नदी से किशोरी का शव बरामद किया गया। दरिंदों ने किशोरी को बड़ी ही बेरहमी के साथ मार दिया। किशोरी को रस्सी से गला कसकर उसे मौत के घाट उतारने के बाद उसके शव को नदी में फेंक दिया। किशोरी के नाक व मुंह से खून निकल रहा था। हत्या की घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
इस संदर्भ में एसओ हरिकेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही परिजनों ने रेप की तहरीर दी है। मामले में किशोरी के पिता रामरूप लोधी की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















