समाधान दिवस में डीएम से मिलने पहुंचीं शिक्षिका सहित छात्र
वापस भेजने का वीडियो सामने आया
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
टूंडला, फिरोजाबाद। स्थानीय तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान गांव जरारा के उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और कुछ छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी से मिलने से पहले ही वापस भेजे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका विद्यालय तक जाने वाले कच्चे मार्ग की समस्या को लेकर शिकायत करने पहुंची थीं। जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापिका राजेश सिसौदिया दोपहर करीब 12 बजे छात्र-छात्राओं के साथ तहसील पहुंचीं। आरोप है कि उन्हें जिलाधिकारी संतोष शर्मा के सामने अपनी समस्या रखने का अवसर नहीं मिला। इस दौरान तहसीलदार देवानंद तिवारी ने एबीएसए ज्योति पाठक को बुलाया। इसके बाद शिक्षिका को फटकार लगाए जाने का भी आरोप है। बताया गया कि बच्चों को निजी वाहन से वापस विद्यालय भेज दिया गया। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। हालांकि तेजस टूडे इस वीडियो और इसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले में संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा।













