अकबरपुर चौगांवा में गूंजा खेल का उत्साह
उलेमाओं की मौजूदगी में सपा नेता हाजी फैसल ने क्रिकेट प्रतियोगिता का किया उद्घाटन
तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर चौगांवा में खेल और सौहार्द का शानदार संगम देखने को मिला जहाँ ‘उलेमा क्रिकेट टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हाजी मोहम्मद फैसल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर टूर्नामेंट आयोजक डॉ. जाहिद हुसैन और खेल प्रेमियों ने उनका ज़ोरदार और गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सपा नेता हाजी मोहम्मद फैसल ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को तंदुरुस्त रखते हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन और प्रेम की भावना को भी मजबूत करते हैं। उलेमाओं का मैदान पर उतरकर खेल प्रतियोगिता में भाग लेना समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश है।
क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजकों द्वारा कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि हाजी मोहम्मद फैसल सहित सभी सम्मानित अतिथियों को फूल-माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। वहीं हाजी मोहम्मद फैसल ने भी दूर-दराज से आए सभी सम्मानित उलेमा-ए-करम और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना किया।
इस अवसर पर रहमान एडवोकेट, हाजी क़ासिम, नबी हसन, शद्दन खान, अहसान खान, इकराम अहमद, टूर्नामेंट आयोजक डॉ. जाहिद हुसैन के अलावा स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी, बड़ी तादाद में उलेमा मौजूद रहे। उद्घाटन मैच के दौरान मैदान दर्शकों की तालियों और उत्साह से गूंज उठा।











