कुसमरा हत्याकाण्ड में एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, पैदल गश्त करके ग्रामीणों से की बातचीत, सुरक्षा का दिलाया भरोसा
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। जनपद के ग्राम कुसमरा में युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
शनिवार को डायल 112 के माध्यम से राजेश कुमार सलोनिया (44) पुत्र स्व. नारायण दास की गांव के बाहर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी जालौन और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर शव को कब्जे में लिया। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किये।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सुरेश चंद्र रावत ने कुसमरा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने गांव में पैदल गश्त कर ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस के अनुसार गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











