HomeTrendingजनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल

जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल

  • जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल

  • दौड़ के दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ी

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चंदौली। रेलवे मंडलीय क्रीड़ांगन स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट परिसर में रविवार को 28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 22 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। हालांकि प्रतियोगिता के दौरान मैदान और बुनियादी सुविधाओं को लेकर खिलाड़ियों ने सवाल उठाए। 100 मीटर दौड़ में प्रतिभाग करने पहुंची नेशनल इंटर कॉलेज शहजादपुर की छात्रा शिवांगी यादव दौड़ते समय गश खाकर गिर गई। उसने बताया कि वह व्रत रखी हुई थी।
शिवांगी ने अपील किया कि व्रत के दिनों में प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं किया जाना चाहिए। वहीं उसने लड़कियों के शौचालय गंदे होने और चेंजिंग रूम के दोनों तरफ से आधा खुला होने की शिकायत भी की। प्रतियोगिता में शामिल गौरव कुशवाहा ने मैदान में कंकड़, गड्ढे और उबड़-खाबड़ जमीन के कारण दौड़ने में परेशानी होने की बात कही। हैमर थ्रो में प्रतिभाग करने वाले आयुष ने निर्धारित सर्कल नहीं होने से चोट लगने का खतरा बताया। वहीं रेशमा कुमारी ने 100 मीटर दौड़ के दौरान एक प्रतिभागी के दूसरे ट्रैक में आने और इसके बावजूद उसे विजेता घोषित किए जाने का आरोप लगाया। उसके अनुसार ट्रैक बदलने के कारण एक छात्रा गिर भी गई थी।
विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में खेल भावना विकसित होती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। जनपदीय क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों ने भाग लिया है। सोमवार शाम को इसका समापन होगा जिसमें मेडल और ट्रैकसूट वितरित किए जाएंगे। इसके बाद 15 और 16 तारीख को खिलाड़ी मंडलीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल नहीं होने वाले विद्यालयों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

Must Read