ट्रैक्टर चोरी की घटना का अनावरण कर पुलिस ने तीन को दबोचा
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल के निर्देशन में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही के क्रम में थाना रैपुरा पुलिस एवं स्वाट की संयुक्त टीम द्वारा थाना रैपुरा अंतर्गत ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्राली के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि बीती एक अप्रैल को मयंक पुत्र श्रीनाथ निवासी लक्ष्मणपुरी कोतवाली कर्वी ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रामनगर से कर्वी सीमेंट लाने के नाम पर भाड़े के लिए उसका लाल रंग का ट्रैक्टर ट्राली सहित लिया था जिसमें ट्रैक्टर मालिक मयंक जायसवाल ने उस व्यक्ति के साथ अपने ड्राइवर रज्जू यादव पुत्र श्यामलाल यादव निवासी कोलगदहिया कोतवाली कर्वी को भेजा था। जैसे ही ट्रैक्टर रामनगर के पास पहुंचा तो आरोपी व्यक्ति ने ट्रैक्टर-ट्राली को खड़ा करवाकर ट्रैक्टर ड्राइवर रज्जू यादव को शराब लेने के लिए शराब के ठेके पर ले गया जहां आरोपी ने ट्रैक्टर-ड्राइवर को ठेके पर छोड़कर भाग गया और ट्रैक्टर-ट्राली को चोरी कर लिया। इस घटना की सूचना मयंक जायसवाल द्वारा थाना रैपुरा में दी गयी। इस संबंध में थाना रैपुरा में आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध सम्बंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना को संज्ञान मेें लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के सफल अनावरण के लिए स्वाट टीम प्रभारी एवं प्रभारी निरीक्षण थाना रैपुरा को निर्देशित किया गया।
इस पर प्रभारी निरीक्षक थाना रैपुरा नागेन्द्र नागर तथा उनकी टीम उपनिरीक्षक रमेश सिंह, आरक्षी दीपक श्रीवास्तव, लाखन, नन्द लाल, राजमंगल, महिला आरक्षी शबनाज तथा स्वाट टीम प्रभारी एम पी त्रिपाठी तथा उनकी टीम आरक्षी राज बहादुर, शरद सिंह, राहुल यादव, आदित्य कुमार व रोहित सिंह द्वारा गुरुवार को सूचना पर चोरी के ट्रैक्टर-ट्राली के साथ 3 आरोपियों शिवप्रताप पुत्र इन्द्रभवन, रुद्र त्रिपाठी उर्फ दीपू पुत्र रमाकान्त त्रिपाठी निवासीगण निवी थाना मऊ व लवकुश केसरवानी पुत्र स्व जगत नारायण केसरवानी निवासी पूरब पताई गढ़वा थाना मऊ को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ करने पर बताया कि उन्होंने ट्रैक्टर चोरी करने की पूर्व में योजना बनाई थी। इसी क्रम में उन्होंने मयंक जायसवाल से ट्रैक्टर-ट्राली भाड़े पर लेने के लिए संपर्क किया एवं उनका ट्रैक्टर-ट्राली भाड़े के नाम पर लाकर रामनगर के पास ट्रैक्टर ड्राइवर को शराब के ठेके में छोड़कर ट्रैक्टर-ट्राली को चोरी कर लिया तथा ट्रैक्टर-ट्राली को छिपाने के उद्देश्य से रीवा लेकर चले गये थे। बताया कि गुरुवार को ट्रैक्टर बेचने के लिए ग्राहक मिल जाने पर वापस लेकर आ रहे थे कि तभी पुलिस द्वारा चोरी के ट्रैक्टर-ट्राली सहित हम तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















