चचेरे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रंजीत सिंह
माधौगढ़, जालौन। साजिश कर अपने ही चचेरे भाई की ट्रक से कुचल कर हत्या करने के आरोपी को रामपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने सोचीसमझी रणनीति के तहत हत्या को सडक़ हादसे में बदलने की कोशिश की लेकिन जुर्म छिप नहीं सका।
गत रविवार को रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम कंजौसा निवासी अरविंद (45 वर्ष) पुत्र रमेश चंद्र की जगम्मनपुर कंजौसा मार्ग पर गुफा मोड़ के पास उस समय ट्रक चालक रामजी ने कुचलकर हत्या कर दी थी जब वह सुबह अपने खेत से सब्जी लेकर मोटरसाइकिल से पास के बाजार जगम्मनपुर में बेचने जा रहे थे।
हत्या को सडक़ हादसे में बदलने के लिए आरोपियों ने ट्रक से कुचलने की योजना बनाकर उसे अंजाम दिया ताकि घटना को दुर्घटना दिखाया जा सके लेकिन जांच में चचेरा भाई बाबू और लालाजी पुत्रगण राजाराम घटना के मास्टर माइंड निकले जिन्होंने रंजिश के चलते अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी। घटना वाले दिन ही यह संदेह हो गया था कि यह सडक़ हादसा नहीं है। परिजनों ने भी आरोपियों पर हत्या करने के आरोप लगाए थे। रामपुरा इंस्पेक्टर शशिभूषण ने क्षेत्र से एक आरोपी बाबू पुत्र राजाराम निषाद निवासी कंजौसा को गिरफ्तार कर लिया। पूरी घटना का खुलासा सीओ उमेश पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












