पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम ने इनामिया हत्यारोपी पकड़ा
बनवारी लाल
शिकोहाबाद। फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत 19 नवंबर को मोहल्ला गली रहट बडा बाजार शिकोहाबाद निवासी 26 वर्षीय आशीष यादव के सिर में रॉड मारकर निर्मम हत्या कर देने एवं जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में गीतम, प्रीतम समेत 4 लोगों के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया गया था। तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। चौथे हत्यारोपी गीतम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई थी।
इधर गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी, सर्विलांस टीम को अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया था। गठित टीम द्वारा रविवार को हत्या किए जाने के अभियोग में वांछित इनामिया अभियुक्त गीतम यादव पुत्र श्री दयाल को मुखबिर की सूचना पर उसके घर काजी टोला रहट गली थाना शिकोहाबाद से गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर व एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है। एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि घटना के दिन उसके बच्चों व पडोस मे रहने वाले भूरी सिंह के बच्चों का विवाद आपस में कंचा खेलने को लेकर हो गया था जिसमें कहासुनी होने के बाद उसने भूरी सिंह के ऊपर तमंचा से फायर कर दिया था। इसी दौरान गुस्से मे मेरे भाई प्रीतम ने मृतक आशीष के सिर में लोहे की रॉड मार दी जिससे आशीष की मौके पर ही मत्यु हो गई थी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











