HomeTrendingनॉकआउट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

नॉकआउट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

  • नॉकआउट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

  • रोमांचक मैचों ने दर्शकों का जीता दिल

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। देवा मेला के हॉकी मैदान में आयोजित नॉकआउट हॉकी प्रतियोगिता के तहत चार मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और संघर्ष क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला शिवगढ़ नगर पंचायत और टाउन हॉल क्लब शाहजहांपुर के बीच खेला गया। इसमें शिवगढ़ नगर पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में आरएसए शिवगढ़ और गोला गोकर्णनाथ की टीमें आमने-सामने रहीं। कड़े संघर्ष से भरे इस मुकाबले में गोला गोकर्णनाथ की टीम ने 1-0 से जीत हासिल की। तीसरा मुकाबला बाबू श्रीश चन्द्र हॉकी अकादमी, हरदोई और नगर पंचायत शिवगढ़ के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन नगर पंचायत शिवगढ़ की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, चौथा मुकाबला गोला गोकर्णनाथ और आजमगढ़ की टीमों के बीच हुआ। इस मुकाबले को लेकर मैदान में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्राईब्रेकर के जरिये 3-2 से गोला गोकरननाथ की टीम ने मैच पर फतेह हासिल की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश अंपायर्स कमेटी के चेयरमैन अविनाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। डॉ. साहबुद्दीन खान, चौoअशीरउद्दीन अशरफ देवा मेला कमेटी सदस्य व हॉकी संयुक्त सचिव, दानिश खान, अदील अहमद, शानू, सैफ सहित कमेटी के तमाम पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

 

 

 

Must Read