विभागीय मंत्री के आगमन पर अधिकारियों ने मिट्टी पर ही डलवा दिया डामर
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद के आगमन पर खराब हो चुकी सड़क में सीधे मिट्टी पर ही डामर डलवा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। यह अनोखा कारनामा बीते रविवार को लोक निर्माण मंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान होनहार अधिकारियों ने कर दिखाया है। मंत्री के आने की खबर सुनते ही जिले के पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया। मंत्री को जिस रोड से जाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करना था, वह रोड काफी खराब थी जिसके चलते जिले के पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मिट्टी पर ही डामर डालकर काम चलाऊ सड़क बना डाली। जब इस मामले का वीडियो और फोटो वायरल हुआ तो अधिशासी अभियंता बोले डीएम साहब और अधीक्षण अभियंता के मार्गदर्शन में वह लोग काम करते हैं।विभागीय मंत्री भी उनके काम से काफी खुश थे। मंत्री जितिन प्रसाद जिले के रामनगर क्षेत्र में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए जाने वाले थे। विदित हो कि क्षेत्र में सरयू नदी से आई बाढ़ को लेकर राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा के लिए मंत्री का प्रस्तावित दौरा था। लोक निर्माण विभाग ने दौरे से एक दिन पहले मंत्री को सब कुछ बेहतर दिखाने के लिए रामनगर-सूरतगंज स्थित हेतमापुर रोड पर आनन-फानन में डामरीकरण और मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया।अधिकारियों ने मंत्री के वहां पहुंचने से पहले सड़क तो बना दी लेकिन अब उस सड़क निर्माण के वायरल हो रहे वीडियो और फोटो चर्चा का विषय बने हुए हैं। जब इस बारे में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाढ़ की वजह से रोड़ काफी दूर तक खराब थी। कुछ क्षेत्र दूसरे जिले में आता है और करीब दस किलोमीटर रोड बाराबंकी में है जिसे काम चलाऊ बनाने के लिए जल्दबाजी में डामरीकरण करवाया गया है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











