भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक है नवसंवत्सर: डा. अविनाश
51 हजार दीपों से जगमगाया धनोखर चक्रतीर्थ
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। शहर का पौराणिक धनोखर सरोवर नव संवत को शिरोधार्य करने की ऐतिहासिक उत्सव स्थली बन गया। 51 हजार दीपों एवम् एलईडी बल्बों से जगमगाते कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित साधु-संतों एवं हजारों लोगों ने नव संवत्सर 2083 का स्वागत पूरी भव्यता से किया।चक्रतीर्थ सरोवर पर युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों में उत्साह और उमंग ऐसा दिखा मानो सनातन परम्परा का सूर्य उदय हो रहा था। प्रभात नारायण दीक्षित के नेतृत्व में सुगम बहार संगीत के कलाकारों द्वारा भजनों की शानदार श्रृंखला प्रस्तुत की गई जिसका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। स्वामी प्रणवानंद सरस्वती ने कहा कि नव संवत्सर न केवल आम भारतीयों में नई ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि संपूर्ण प्रकृति इस अवसर पर नए कलेवर में होती है। नव संवत्सर समृद्ध भारतीय परंपराओं का उत्सव है। इसके जरिए गौरवमय भारतीय विरासत को संरक्षित रखने एवम् प्रकृति के उपहारों को आत्मसात करने का सौभाग्य मिलता है। आरएसएस के सह प्रांत कार्यवाह डॉ अविनाश ने कहा कि हिंदू नव संवत्सर का स्वागत जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण है कि अपनी प्राचीन विरासत को सहेज कर रखना। नव संवत्सर महोत्सव भारतीय समाज का स्वाभिमान जगाने में मील का पत्थर साबित होगा। नव संवत उन विक्रमादित्य को नमन करने का भी सुअवसर है जिन्होंने ईस्वी सन् के 58 वर्ष पूर्व विक्रमी संवत का प्रवर्तन किया और सांस्कृतिक उन्नायक के रूप में रामजन्म भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण कराने के साथ अयोध्या का पुनरुद्धार कराया। इस अवसर पर स्वामी मोहन चैतन्य, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, सरदार भूपेंद्र सिंह, जिला संघ चालक डॉ आरएस गुप्ता, जिला प्रचारक रवि प्रकाश, जिला कार्यवाह सुधीर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

















